अशोकनगर जिले में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है। इसे देखते हुए कलेक्टर आदित्य सिंह ने बुधवार को लगातार तीसरे दिन जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी है। सुबह से छाए घने कोहरे और अत्यधिक ठंड के कारण बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह आदेश जारी किया गया है। कोहरे के कारण हेडलाइट जलाकर चल रहे वाहन
बुधवार को भी जिले में मौसम का मिजाज सर्द बना हुआ है। सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे विजिबिलिटी (दृश्यता) काफी कम हो गई है। सड़कों पर दृश्यता केवल 50 मीटर तक रह गई है, जिसके चलते वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। ठंड का असर आम जनजीवन पर भी दिख रहा है। व्यस्त रहने वाली सड़कों पर चहल-पहल कम है और लोग बहुत जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। रात का पारा 7.5 डिग्री, आगे भी राहत के आसार नहीं
पिछले कुछ दिनों से जिले के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। वर्तमान में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस के करीब रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक अशोकनगर में इसी तरह कड़ाके की ठंड जारी रहने का अनुमान जताया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बादल छंटने के बाद दिन के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।


