पंजाबी सिंगर रम्मी रंधावा पर पुलिस ने हथियारों की नुमाइश करने पर FIR दर्ज कर ली है। रम्मी रंधावा अमृतसर के अजनाला के रहने वाले हैं। रम्मी रंधावा पर यह कार्रवाई उनकी एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर की गई है। इसमें रम्मी रंधावा ने हथियारों से जुड़ी वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था- ”मेरे सौंदा ए नाल सिरहाने दे इक इतिहास ते दूजा काल कुड़े” (मेरे साथ तकिए पर एक इतिहास और दूसरा काल (मौत) सोता है)। पोस्ट के ऊपर रम्मी रंधावा ने कैप्शन में लिखा था कि सरदारियां सिर देकर मिलती हैं, सरदार कहलाना आसान नहीं है। इस मामले में पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए ASI कवलजीत सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया है। सिंगर रम्मी रंधावा की सोशल मीडिया पोस्ट… पुलिस ने शिकायत में क्या लिखा
अजनाला पुलिस थाने में BNS की धारा 223 और आर्म्स एक्ट के तहत यह केस दर्ज किया गया है। इसमें शिकायत करने वाले ASI कवलजीत सिंह ने रमनदीप सिंह उर्फ रम्मी रंधावा निवासी गुज्झापीर को आरोपी बनाया गया है। अपने बयान में ASI कवलजीत ने कहा कि उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रही है। जब ASI ने अपने फेसबुक अकाउंट से उसकी जांच की तो देखा कि रम्मी रंधावा ने हथियारों की नुमाइश का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। हथियारों की खुलेआम नुमाइश करना कानूनन अपराध है और इससे समाज में डर का माहौल पैदा होता है। हथियार वैध या अवैध, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस जांच में भी जुट गई है कि रम्मी रंधावा ने जिन हथियारों की फोटो अपने सोशल मीडिया पर शेयर की है, उनका उनके पास कोई लाइसेंस वगैरह भी है या नहीं। यह हथियार कहीं अवैध तो नहीं। इसको लेकर पुलिस हथियारों के लाइसेंस में रम्मी के नाम का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। रम्मी रंधावा का रिएक्शन नहीं आया
पुलिस ने यह केस रम्मी रंधावा की 13 दिसंबर को की गई पोस्ट के वायरल होने के बाद केस दर्ज किया है। हालांकि इस मामले में अभी तक रम्मी रंधावा की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। यह वीडियो अभी भी रंधावा की फेसबुक वॉल पर है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि कानून सभी के लिए बराबर है, चाहे वह आम व्यक्ति हो या कोई प्रसिद्ध चेहरा। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…


