भास्कर न्यूज| महासमुंद महासमुंद जिला परिवहन अधिकारी और यातायात पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम के तत्वावधान में रविवार को जिले में आने वाले पिथौरा, बसना, सरायपाली क्षेत्र के 54 स्कूल बसों की जांच की गई। इस दौरान जांच में 6 बसों से सामान्य त्रुटि पाए जाने पर 20 हजार 400 रुपए शमन शुल्क वसूल किया गया। जांच के दौरान श्रद्धा पब्लिक स्कूल की 1 बस में परमिट, फ्लोर जर्जर, मोटर यान कर बकाया पाए जाने पर जब्त कर पिथौरा थाने में खड़ा किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपस्थित सभी चालकों का सुगर, बीपी और आंखों की जांच किया गया। साथ ही सभी स्कूल बसों को बताया गया कि बस चालक व परिचालक दोनों को वाहन संचालन के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना होने पर तत्काल फस्टएड बॉक्स, अग्निशमन व इमरजेंसी डोर का उपयोग करने बतलाया गया। इसके अलावा स्कूली बसों में आने जाने वाले बच्चों को चढ़ते व उतरते समय हमेशा सावधानी के साथ बच्चों उतारने व चढ़ाने बताया गया। साथ ही स्कूली बसों के संचालन के दौरान किसी प्रकार का शराब सेवन नहीं व नशे की हालत में वाहन नही चलाने और हमेशा यातायात नियमों का पालन करने समझाया गया। मौके पर राम कुमार ध्रुव, रामभरोसा निर्मलकर, विपिन साहू, लखन पटेल, मेघू राम, दर्शन सिदार, डॉ. रिंकू बारीक व अन्य उपस्थित रहे।


