मऊगंज जिले में बढ़ती ठंड और शीतलहर के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देश पर नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के सभी स्कूलों में 9 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। जिला प्रशासन शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए पूरी तरह सतर्क है। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, स्कूल भवन खुले रहेंगे, लेकिन कक्षा 8 तक की पढ़ाई संचालित नहीं होगी। सभी शिक्षकों को नियमित रूप से विद्यालयों में उपस्थित रहकर अन्य शासकीय कार्यों का संपादन करना होगा। रीवा संभाग में 4.2 डिग्री पारा, ठंड बरकरार मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को रीवा संभाग में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह की आर्द्रता 97 प्रतिशत और शाम की 62 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। जिले में कुछ स्थानों पर घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की गई है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी की संभावना है, लेकिन फिलहाल ठंड से तत्काल राहत के आसार कम हैं। शीतलहर से बचाव की अपील, सावधानी बरतने के निर्देश कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जिलेवासियों से शीतलहर से बचाव की अपील की है। उन्होंने बताया कि इस मौसम में सर्दी, खांसी, फ्लू और जुकाम जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। कलेक्टर ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पौष्टिक आहार लेने और बुजुर्गों, बच्चों व बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने यह भी अपील की कि स्वास्थ्य खराब होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें।


