गुमला जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी लगातार जानलेवा साबित हो रही है। ताजा मामला जिला मुख्यालय से करीब 85 किलोमीटर दूर डुमरी थाना क्षेत्र के नटावल गांव के पास सामने आया है, जहां मंगलवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे से इलाके में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान कांजी गांव निवासी अंजलैश मिंज (26 वर्ष), पिता भक्ति मिंज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अंजलैश मिंज मंगलवार रात बाइक से कहीं जा रहा था। नटावल गांव के आगे पहाड़ी इलाके में उनकी बाइक तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक और बॉडी पेड़ पर ही टंग गई। सुबह ग्रामीणों ने देखा शव, मौके पर ही हुई थी मौत हादसा देर रात होने के कारण किसी की नजर तुरंत इस पर नहीं पड़ी। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि दुर्घटना के कुछ ही देर बाद युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत डुमरी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है।


