बलरामपुर के सामरी में जमी बर्फ की चादर:पारा 4 डिग्री पहुंचा, कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित, स्कूल बंद

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में इन दिनों कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। जिले के कई इलाकों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। कुसमी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, वहीं बलरामपुर-रामानुजगंज क्षेत्र में भी तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बहुत अधिक ठंड के कारण जिले के कई ग्रामीण इलाकों में पाला जमने की स्थिति देखी गई है। रामानुजगंज और बलरामपुर के आसपास के गांवों में सुबह के समय खेतों, सड़कों और खुले स्थानों पर पाला जमा हुआ नजर आया। आम जनजीवन प्रभावित ठंड बढ़ने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोग अलाव तथा गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखे। किसानों की चिंता भी बढ़ गई है, क्योंकि पाले का असर फसलों पर पड़ने की आशंका है। लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त एवं अन्य विद्यालयों के संचालन समय में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। 1 से 5वीं तक के छात्र-छात्राओं की छुट्टी जारी आदेश के अनुसार, 07 एवं 08 जनवरी 2026 को जिले की कक्षा 1 से 5वीं तक के छात्र-छात्राओं को अवकाश दिया गया है। वहीं कक्षा 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित समय अनुसार संचालित होंगी। एक पाली में संचालित होने वाली शालाएं प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 03:30 बजे तक संचालित की जाएंगी। यह आदेश 08 जनवरी 2026 तक प्रभावशील रहेगा। जिला प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में ठंड से अभी राहत मिलने की संभावना कम है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *