मालपुरा गेट थाना इलाके में सोमवार रात एक महिला की गला घोंटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध युवक को मुहाना क्षेत्र से हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मृतका की पहचान नीतू सैन के रूप में हुई है, जो सांगानेर स्थित महावीर नगर में किराए के मकान में रह रही थी। घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर आसपास के लोगों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले एक युवक को नीतू के मकान से बाहर निकलते हुए देखा गया था। इसके बाद महिला से कोई संपर्क नहीं हो सका। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद महिला की मौत गला घोंटने से होना पाया। मृतका के पति सनोज, निवासी मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) ने मालपुरा गेट थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है, जहां बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका और हिरासत में लिए गए युवक के बीच प्रेम संबंध थे और किसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ था, जिसके चलते वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उमराह (धार्मिक तीर्थ यात्रा) पर भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार वहीं उमराह (धार्मिक तीर्थ यात्रा) पर भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर फर्जी हवाई टिकट देकर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है। डीसीपी साउथ करन शर्मा ने बताया- 2 जनवरी को पीड़ित शाहनवाज पुत्र इकबाल बैग सहित 8–9 अन्य व्यक्तियों ने थाना सुभाष चौक में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मोईन और मुब्बशीर पुत्र जुबेर अहमद स्वयं को अधिकृत ट्रैवल एजेंट और टिकट बुकिंग सेवा से जुड़ा बताकर उमराह यात्रा के इच्छुक लोगों से नकद, बैंक ट्रांसफर और ऑनलाइन माध्यम से बड़ी रकम वसूल की। फर्जी टिकट थमाकर की गई धोखाधड़ी पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पीड़ितों को उमराह यात्रा के लिए फर्जी हवाई टिकट उपलब्ध कराए, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ। इस संबंध में थाना सुभाष चौक पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने आरोपी को दबोचा मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन कार्रवाई करते हुए आरोपी मोइनुद्दीन जुबैर भाटी (28 साल) पुत्र जुबैर अहमद, निवासी ख्वास जी का रास्ता, हवामहल रोड, थाना सुभाष चौक, जयपुर को गिरफ्तार कर लिया। ई-मित्र की दुकान की आड़ में ठगी थानाधिकारी कृष्ण कुमार यादव ने बताया- आरोपी ने स्थानीय इलाके में ई-मित्र की दुकान खोल रखी थी और उसी की आड़ में लोगों को धार्मिक यात्रा के टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने करीब 35 से 40 लाख रुपए तक की राशि लोगों से वसूल की। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य पीड़ितों व संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।


