जिले में सामाजिक एकता एवं संगठनात्मक मजबूती की दिशा में माली समाज सांखला गौत्र की एक महत्वपूर्ण आम बैठक मंगलवार देर शाम 8 बजे शहर के रूप नगर स्थित एक निजी भवन में आयोजित की गई। बैठक में जालोर सहित जिले भर से सांखला गौत्र के समाजजनों ने भाग लिया और समाज को एकजुट रखते हुए भविष्य की सामाजिक, शैक्षणिक एवं विकासात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित समाजजनों ने सर्वसम्मति से माली समाज सांखला गौत्र के नाम से एक पंजीकृत संस्था गठित करने का प्रस्ताव रखा। इसके तहत जालोर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में निवासरत सभी सांखला गौत्र परिवारों को संस्था से जोड़ने, अधिक से अधिक सदस्य बनाने और संगठित होकर समाज के हित में कार्य करने पर जोर दिया गया। समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि संगठन के माध्यम से सामाजिक कार्यक्रमों का सुचारू संचालन, आपसी सहयोग, जरूरतमंद परिवारों की सहायता और समाज के उत्थान के लिए योजनाबद्ध रूप से कार्य किया जा सकेगा। बैठक में संस्था के संचालन लिए सदस्यों से नाममात्र 2100 का शुल्क निर्धारित किया जो आरजिवन लागू किया जायेगा। कार्यकारिणी एवं टीम गठन करने और समाज के हर सुख-दुख में तत्पर रहने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने समाज के युवाओं को संगठन से जोड़ने, सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, शिक्षा एवं रोजगार के प्रति जागरूकता बढ़ाने और भविष्य में सामूहिक कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया।


