सागर बीएमसी में पीएफटी और एफओटी सुविधा शुरू:फेफड़ों की गंभीर बीमारियों की होगी जांच, सोमवार से शनिवार मरीजों को मिलेगा इलाज

सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। इसी के तहत बीएमसी में मरीजों को नई सौगात मिली है। बीएमसी में पीएफटी और एफओटी की सुविधा शुरू की गई है। जिसमें फेफड़ों की गंभीर बीमारियों की जांच की जाएगी। अब संभाग के मरीजों को फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारियों की जांच के लिए निजी सेंटरों या बड़े शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। बीएमसी के फिजियोलॉजी एवं रेस्पिरेटरी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT) और फेफड़ों की विशेष जांच (FOT) सुविधा का शुभारंभ किया गया है। इस अत्याधुनिक सुविधा का लोकार्पण बीएमसी के डीन डॉ. पीएस ठाकुर और अधीक्षक डॉ. राजेश जैन ने किया। डीन डॉ. ठाकुर ने बताया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है। मरीज सोमवार से शनिवार तक सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी कक्ष क्रमांक 12 में पहुंचकर जांच करा सकते हैं। पीजी विद्यार्थियों को रिसर्च में मिलेगी मदद मीडिया प्रभारी डॉ. सौरभ जैन ने बताया कि अस्थमा और सांस फूलने की समस्या, क्रोनिक ऑब्स्ट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज, पल्मोनरी फाइब्रोसिस (फेफड़ों का कड़ा होना) श्वसन संबंधी अन्य गंभीर संक्रमण जैसी बीमारियों की जांच में सुविधा मिलेगी। PFT और FOT जांच के माध्यम से कई बीमारियों का सटीक निदान संभव होगा। इसके अलावा बीएमसी के पीजी छात्रों के लिए भी शैक्षणिक दृष्टि से यह महत्वपूर्ण है। आधुनिक मशीनों की उपलब्धता से छात्रों को क्लीनिकल अनुभव मिलेगा और श्वसन रोगों से संबंधित रिसर्च कार्यों में मदद मिलेगी। इस दौरान फिजियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. रविकांत अरजरिया, पल्मोनरी विभागाध्यक्ष डॉ. तल्हा साद, डॉ. अमरदीप राय, डॉ. अंजु झा, डॉ. रीमा गोस्वामी, डॉ. रमेश पांडेय, डॉ. सर्वेश जैन, डॉ. सत्येंद्र उइके , डॉ. आशीष जैन, डॉ. सत्येंद्र मिश्रा, डॉ. प्रियांशु समेत अन्य मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *