बलरामपुर जिले के सरकारी स्कूल में पढ़ाई के दौरान अश्लील गाने पर डांस किए जाने का मामला सामने आया है। वाड्रफनगर क्षेत्र के बसंतपुर हाईस्कूल के टेलीकॉम लैब में 11वीं के छात्रों ने टेलीकॉम लैब की लाइट बंद की, टीवी स्क्रीन पर भोजपुरी गाने लगाए और आपत्तिजनक तरीके से नाचने लगे। लड़कों की हुड़दंगी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ है। घटना 9 दिसंबर 2025 की है। मामला संज्ञान में आने के बाद स्कूल की अनुशासन व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ गए हैं। सवाल ये भी उठ रहा है कि छात्रों के पास मोबाइल फोन कैसे आया। वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया जानकारी के अनुसार, 11वीं में पढ़ने वाले कुछ छात्रों ने विद्यालय के टेलीकॉम लैब में मोबाइल फोन का उपयोग कर भोजपुरी गाने पर डांस किया। उन्होंने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वायरल वीडियो में स्कूल परिसर और कक्षा कक्ष स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। स्कूल की अनुशासन व्यवस्था पर उठे सवाल इस वीडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में व्यापक चर्चा शुरू हो गई है। अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने स्कूल की अनुशासन व्यवस्था, शिक्षकों की निगरानी और स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि शैक्षणिक वातावरण में ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के नैतिक और शैक्षणिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती हैं। मामले की जांच में जुटा प्रबंधन जानकारी के मुताबिक, वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संबंधित छात्रों की पहचान कर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की संभावना है। इसके साथ ही, इस बात की भी जांच की जा रही है कि छात्रों के पास स्कूल परिसर में मोबाइल फोन कैसे पहुंचे और घटना के समय शिक्षकों की उपस्थिति क्या थी। कड़ी कार्रवाई करने की मांग स्थानीय लोगों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और विद्यालयों के शैक्षणिक व अनुशासित माहौल को बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।


