गुना जिले के आरोन इलाके से विदिशा जिले के लटेरी थाना इलाके ने गए तीन ग्रामीण आज (सोमवार) हर्ष फायर में घायल हो गए। तीनों को गोली के छर्रे लगे हैं। सभी ग्रामीण चौक के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। जिस युवक ने फायर किया, उसके पिता भी छर्रे लगने से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार विदिशा जिले के लटेरी थाना अंतर्गत आने वाले हरिपुर गांव में चौक का कार्यक्रम था। यहां तीन दुल्हनों की विदाई होनी थी। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गुना जिले के खेरली डांग से भी काफी ग्रामीण गए थे। ये सभी लोग एक जीप से हरिपुर पहुंचे। दोपहर लगभग 3 बजे ग्रामीण पहुंचे ही थे कि दुर्गालाल बंजारा और कैलाश ने साथ में आए गोविंद से हर्ष फायर करने को कहा। गोविंद ने जल्दबाजी में हर्ष फायर किया। गोली के छर्रे वहां मौजूद तीन लोगों को लगे। इनमें रोड़ेलाल बंजारा, गुलाब सिंह मीणा और एक 12 साल के बच्चे अनिल बंजारा को गोली के छर्रे लगे। रोड़ेलाल हर्ष फायर करने वाले गोविंद के पिता हैं। एफआईआर नहीं करने के लिए बनाया दबाव
ग्रामीण उन्हें लेकर गुना जिला अस्पताल पहुंचे। यहां तीनों का इलाज किया जा रहा है। अनिल के पिता बबलू बंजारा ने बताया कि उनके समाज में एक कार्यक्रम होता है जिसमें शादी के कुछ दिन बाद लड़की की विदाई होती है। इसे चौक कहा जाता है। कैलाश और दुर्गालाल ने बड़े भाई को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया। तो बेटा अनिल भी बोलने लगा कि मैं भी चला जाऊं। इसलिए उसको भी भेज दिया। उसने बताया कि ये लोग जीप से उतरे ही थे कि रोड़ेलाल के बेटे गोविंद ने फायर कर दिया। कई राउंड उसने फायर किए। दूसरा राउंड फायर किया तो छर्रे बच्चे के पेट में लग गए। वहीं दो और लोग भी घायल हो गए। बबलू ने बताया कि अब ये लोग दबाव बना रहे हैं कि रिपोर्ट मत करो। रोड़ेलाल दवाब बना रहा है कि पैसे ले लो पांच लाख, बस रिपोर्ट मत करवाओ।


