छतरपुर जिले के मातगुआं थाना क्षेत्र में सागर रोड स्थित रनगुवां तिराहे पर मंगलवार देर रात एक घर में हथियारबंद लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया। दो बदमाशों ने कट्टे की नोक पर घर में घुसकर 2 लाख 70 हजार रुपए नकद और एक सोने की अंगूठी लूट ली। हैरानी की बात यह रही कि घटना मातगुआं थाने से महज एक मिनट की दूरी पर हुई। देर रात घर में घुसे हथियारबंद बदमाश पीड़ित जगदीश साहू के अनुसार वारदात रात करीब 2 बजे हुई। वह पेशाब के लिए उठे थे, तभी घर में पहले से मौजूद दो बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया। बदमाशों ने कट्टा अड़ाकर उन्हें डराया और अलमारी खोलने के लिए मजबूर किया।बदमाश अलमारी से 2 लाख 70 हजार रुपए नकद और एक सोने की अंगूठी लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों की भाषा बुंदेलखंड क्षेत्र की नहीं लग रही थी, जिससे आशंका है कि आरोपी बाहर के हो सकते हैं।घटना स्थल मातगुआं थाने से महज एक मिनट की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद लुटेरे आसानी से वारदात कर फरार हो गए। इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित का आरोप, अब तक एफआईआर दर्ज नहीं जगदीश साहू ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। उनका कहना है कि पुलिस रात में मौके पर पहुंची थी, लेकिन आगे की कार्रवाई नहीं हुई। मातगुआं थाना प्रभारी अंकुर चौबे ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह घटना संदेहास्पद प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर रात 1:45 बजे ही वह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे थे। नकाब पहने थे बदमाश थाना प्रभारी के अनुसार पीड़ित ने बताया कि दोनों बदमाश नकाब पहने हुए थे और सिर्फ उनकी आंखें दिखाई दे रही थीं। बदमाशों ने कट्टा अड़ाकर पीड़ित से ही अलमारी खुलवाई और रुपये-सामान निकलवाया। पुलिस के अनुसार पीड़ित के पास कुल 5 लाख रुपए थे, जो उसने घर में दो अलग-अलग जगहों पर रखे थे। बदमाश एक जगह से लगभग आधे रुपये ले गए, जबकि दूसरी जगह रखे रुपये वहीं छोड़ दिए। फिंगरप्रिंट मिलने की संभावना कम थाना प्रभारी अंकुर चौबे ने बताया कि चूंकि अलमारी पीड़ित से ही खुलवाई गई और सामान भी उसी से निकलवाया गया, इसलिए आरोपियों के फिंगरप्रिंट मिलने की संभावना कम है। घटना के समय घर में अन्य सदस्य सो रहे थे। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। संदिग्ध परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आसपास के क्षेत्रों की जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।


