धौलपुर में गांधी पार्क में कैनोपी का उद्घाटन:’न्याय आपके द्वार’ अभियान के तहत जनोपयोगी सेवाओं का होगा समाधान

धौलपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बुधवार को गांधी पार्क में ‘न्याय आपके द्वार’ अभियान के तहत एक कैनोपी का उद्घाटन किया गया।
इस कैनोपी का उद्देश्य जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित शिकायतों का समाधान करना है। इसका उद्घाटन प्राधिकरण की सचिव रेखा यादव ने किया। उन्होंने इस अवसर पर बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य ध्येय समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित सुलभ, सरल और त्वरित समाधान पहुंचाना है। उन्होंने जानकारी दी कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा), जयपुर के दिशा-निर्देशों पर यह विशेष अभियान 10 नवंबर 2025 से 10 फरवरी 2026 तक चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत बिजली, पानी, परिवहन, डाक, बीमा, टेलीफोन, नगर निकाय, बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थाएं, आवासीय सेवाएं, एलपीजी गैस, शैक्षिक संस्थान, आवास एवं भू-संपदा सेवाओं से संबंधित शिकायतों का निःशुल्क और त्वरित समाधान किया जा रहा है। यह व्यवस्था विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के तहत कार्यरत स्थायी लोक अदालत के माध्यम से की जाती है। रालसा के इस 3 महीने के विशेष अभियान में प्रार्थी अपनी शिकायत सरल हस्तलिखित प्रार्थना-पत्र के माध्यम से भी प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए आवेदन-पत्र भरना अनिवार्य नहीं है। आवेदक अपना पहचान पत्र संलग्न कर रालसा के समर्पित मोबाइल नंबर 9119365734 पर सीधे व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत भेज सकते हैं। रालसा के नोडल अधिकारी द्वारा शिकायत संबंधित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजी जाएगी। इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े पी.एल.वी. (पैरा लीगल वॉलंटियर) आवेदक से संपर्क कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इस रिपोर्ट के आधार पर स्थायी लोक अदालत में निःशुल्क पैरवी के लिए एल.ए.डी.सी. अथवा पैनल अधिवक्ता नियुक्त किया जाएगा। प्रकरण के निर्णय की जानकारी भी आवेदक को दी जाएगी। रालसा द्वारा प्रतिदिन शिकायतों की सीधी निगरानी की जा रही है।
कार्यक्रम के अंत में सचिव ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आमजन को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर “न्याय सबके लिए” की भावना को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *