राजधानी रायपुर में फर्जी ट्रांसपोर्ट चालान के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित को मोबाइल पर ई-चालान भुगतान का SMS भेजा गया, जिसमें एक संदिग्ध लिंक दिया गया था। लिंक खोलने पर 1200 रुपये का स्पीड लिमिट पेनाल्टी चालान दिखाया गया, जिसे सही मानकर पीड़ित ने ऑनलाइन भुगतान कर दिया। भुगतान के दौरान क्रेडिट कार्ड डिटेल और OTP डालते ही जालसाजों ने खाते तक पहुंच बना ली। अगले दिन ई-मेल चेक करने पर पीड़ित को पता चला कि उसके कॉरपोरेट क्रेडिट कार्ड से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 4 लाख 52 हजार 132 रुपये की अवैध तरीके से निकाल लिए गए है। यह रकम 1.89 लाख, 1.60 लाख और 1.02 लाख रुपये की तीन किस्तों में ऑनलाइन ट्रांसफर की गई। ठगी की पूरी प्रक्रिया एक फर्जी वेबसाइट के जरिए अंजाम दी गई। थाने में शिकायत दर्ज मामले की शिकायत थाना विधानसभा रायपुर में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर ठगों के उपयोग किए गए मोबाइल नंबर और डिजिटल ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।


