शहादत को नमन और सेहत का संदेश:25 जनवरी को कोटा में निकलेगा चम्बल फाउंडेशन का तिरंगा साइकिल मार्च

कोटा में देशभक्ति और सेहत का अनूठा संगम एक बार फिर देखने को मिलेगा। चम्बल फाउंडेशन की ओर से 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जनवरी, रविवार को तिरंगा साइकिल मार्च का आयोजन किया जा रहा है। यह साइकिल मार्च सुबह 8 बजे आईएल मंदिर, इंद्राविहार से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लगभग 10 किलोमीटर की दूरी तय कर पुनः आईएल मंदिर पर ही संपन्न होगा। इस आयोजन के पोस्टर का विमोचन शिक्षाविद् डॉ. दीपक सिंह ने किया। डॉ. दीपक सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन शहर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। यह न केवल देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करते हैं। उन्होंने 1980 के दशक में आयोजित साइकिल रेस की यादें साझा करते हुए युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। स्कूल निदेशक वैभव सिंह ने भी आयोजन को पूर्ण समर्थन देने की बात कही। चम्बल फाउंडेशन के अध्यक्ष बृजेश शर्मा नीटू ने बताया कि यह आयोजन पिछले सात वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य देश की आजादी के लिए शहीद हुए वीर सपूतों की शहादत को नमन करना और आमजन को सेहत के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना एक सरल लेकिन प्रभावी व्यायाम है, जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है। फाउंडेशन के प्रवक्ता नरेन्द्र शर्मा ने बताया कि इस तिरंगा साइकिल मार्च में एक हजार से अधिक साइकिल चालक भाग लेंगे। साइकिलों पर लगे तिरंगे शहरवासियों को देशभक्ति और स्वास्थ्य का संदेश देंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ साइकिलिस्ट, खिलाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता और शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *