डूंगरपुर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी हॉल में इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना है। यह प्रदर्शनी परिवहन विभाग द्वारा शहर के लक्ष्मण मैदान स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी हॉल में लगाई गई है। उद्घाटन के अवसर पर जिला परिषद सीईओ हनुमान सिंह राठौड़ और जिला परिवहन अधिकारी मनीष माथुर भी उपस्थित रहे। कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों और आमजन ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदर्शित की गई हैं। इनमें यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी, नेशनल हाईवे लेन सिस्टम का सही उपयोग और अन्य सुरक्षा उपाय शामिल हैं। कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रदर्शनी का अवलोकन स्कूलों के बच्चों को भी करवाया जाएगा, ताकि वे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक हो सकें और अपने परिजनों को भी प्रेरित कर सकें। लक्ष्मण मैदान से रवाना किया गया जागरूकता रथ जिले के विभिन्न हिस्सों में जाकर आमजन को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में बताएगा।


