अमेरिका से डिपार्ट होकर आया मोस्ट वांटेड अमन भैंसवाल:IGI एयरपोर्ट पर STF ने किया गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर लेगी हरियाणा पुलिस

अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे और आपराधिक गतिविधियों में शामिल 209 भारतीय नागरिकों को एक विशेष विमान के जरिए भारत डिपार्ट किया गया। इस कार्रवाई के दौरान हरियाणा पुलिस को सबसे बड़ी कामयाबी मिली है। हरियाणा के सोनीपत जिले का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर अमन भैंसवाल भारत पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया।
दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर उतरते ही पहले से तैनात हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीम ने अमन भैंसवाल को हिरासत में ले लिया। वह लंबे समय से अमेरिका में रहकर हरियाणा और आसपास के इलाकों में अपना आपराधिक नेटवर्क संचालित कर रहा था। कौन है अमन भैंसवाल?
अमन भैंसवाल मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले के भैंसवाल कलां गांव का निवासी है। वह हरियाणा पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, जबरन वसूली, डकैती और गैंगवार जैसे 15 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। फायरिंग और रंगदारी के चर्चित मामले
अमन भैंसवाल का नाम तब सुर्खियों में आया जब उसने सोनीपत के गोहाना इलाके में प्रसिद्ध मातूराम हलवाई की दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग के आदेश दिए और करोड़ों रुपए की रंगदारी मांगी।
इसके अलावा रोहतक के सांपला इलाके में सीताराम हलवाई की दुकान पर हुई फायरिंग की घटना में भी उसकी संलिप्तता के पुख्ता सबूत पुलिस के पास मौजूद हैं। अमेरिका से बैठकर चलाता रहा गैंग
पुलिस जांच के मुताबिक अमन भैंसवाल अमेरिका में रहकर अपने गैंग के सदस्यों के जरिए वसूली, हमले और फायरिंग जैसी वारदातों को अंजाम दिलवाता था। वह सोशल मीडिया और इंटरनेट कॉलिंग के माध्यम से लगातार अपने नेटवर्क के संपर्क में बना रहता था। पुलिस रिमांड की तैयारी
हरियाणा पुलिस अमन भैंसवाल को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि उसके गैंग नेटवर्क, विदेशी संपर्कों और रंगदारी से जुड़े आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अमन भैंसवाल की गिरफ्तारी से हरियाणा में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ेगा और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *