मैहर जिले के अमरपाटन में नल-जल योजना के तहत बिछाई गई बाणसागर परियोजना की पाइपलाइन फूट गई। यह घटना अमरपाटन महाविद्यालय के पास बीच सड़क पर हुई, जहां पाइपलाइन में तेज दबाव के कारण भारी मात्रा में पानी बह निकला। पानी के दबाव से सड़क करीब 4 इंच तक धंस गई, जिससे आवागमन ठप हो गया। छात्रावास और कॉलेज परिसर में भरा पानी पाइपलाइन फूटने के बाद निकला पानी शासकीय छात्रावास और महाविद्यालय परिसर में भर गया। देखते ही देखते पूरा इलाका जलमग्न हो गया। इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क की मरम्मत भी होगी तेज पानी के बहाव से सड़क को भी नुकसान पहुंचा है। सड़क की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को सूचना दी गई है। प्रशासन का कहना है कि पाइपलाइन और सड़क की मरम्मत का काम जल्द शुरू कराया जाएगा। जलभराव से लोगों को परेशानी सड़क पर पानी भर जाने के कारण स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक वाहन चालकों और राहगीरों को वैकल्पिक रास्तों से जाना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन की एसडीएम डॉ. आरती सिंह, तहसीलदार रामदेव साकेत और थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पाइपलाइन में खराबी आने से हुई घटना एसडीएम डॉ. आरती सिंह ने बताया कि यह पाइपलाइन जल निगम की ओर से एलएंडटी कंपनी द्वारा बिछाई गई थी। पाइपलाइन में खराबी आने से यह हादसा हुआ है। पानी निकालने के लिए जेसीबी मशीन मंगाई गई है और मरम्मत के लिए कंपनी को तुरंत सूचना दे दी गई है।


