महिला के दिमाग के बाएं हिस्से में था ट्यूमर:महिला एक साल से उल्टी और सिरदर्द से थी परेशान, मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के बाद स्थिति में सुधार

कोटा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल के न्यूरोसर्जरी विभाग में एक महिला के दिमाग से ट्यूमर का ऑपरेशन किया गया है। महिला एक साल से लगातार उल्टी और सिरदर्द से परेशान थी। जांच में उसके दिमाग में ट्यूमर होना सामने आया। न्यूरोसर्जरी विभाग के डॉ. एसएन गौतम ने बताया कि बूंदी जिले के केशवरायपाटन निवासी सुनीता(4) को पिछले 12 महीनों से लगातार सिरदर्द और उल्टी की समस्या थी। इस दौरान उन्होंने अपने कस्बे तथा बूंदी में कई डॉक्टर्स को दिखाया लेकिन सिरदर्द में कोई आराम नहीं मिला। इसके बाद कोटा में एक निजी अस्पताल में भी इलाज लिया लेकिन कोई फायदा नहीं मिला और सिरदर्द काफी ज्यादा रहने लगा। बाद में मरीज सुनीता सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल कोटा के न्यूरोसर्जरी विभाग में पहुंची। यहां मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध सभी जरूरी जांचे करवाई तो पता लगा कि महिला के दिमाग के बाएं हिस्से के फ्रंटल लॉब में एक बड़ा ट्यूमर है। जिसे लार्ज फ्रंटल मेनिन्जियोमा के रूप में मेडिकल भाषा में जाना जाता है।
वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. एस. एन. गौतम के नेतृत्व में न्यूरोसर्जरी टीम की ओर से सभी जांचों के बाद सर्जरी का निष्कर्ष निकाला गया। जिसके बाद यह जटिल सर्जरी की गई। सर्जरी के दौरान 4 यूनिट ब्लड मरीज को चढ़ाया गया। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति स्थिर है तथा उन्हें लंबे समय से चली आ रही सिरदर्द की समस्या से राहत मिली है। मरीज सुनीता की सभी जांच और इलाज पूरी तरह निशुल्क हुआ है। डॉ. एसएन गौतम ने बताया कि न्यूरोसर्जरी विभाग में इस प्रकार की जटिल एवं उच्च-स्तरीय मस्तिष्क सर्जरी की सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनके लिए मॉडर्न मशीनरी एवं उच्च सटीकता की आवश्यकता होती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *