बूंदी के सदर थाना पुलिस ने नकली सोना देकर धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान भूरिया उर्फ बबलू और कालू के रूप में हुई है। पुलिस ने धोखाधड़ी की 2.15 लाख रुपए की राशि और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार ने बताया कि 22 दिसंबर, 2025 को शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश निवासी अजय कुमार गुप्ता (34) ने सदर थाने में मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया कि लगभग एक माह पहले खाटूश्याम घूमने के दौरान उसकी मुलाकात बबलू नामक व्यक्ति से हुई थी। बबलू ने उसे बताया कि उसके पास जमीन से निकला हुआ सोना है, जिसे वह कम दाम में बेच देगा। उसने अपना मोबाइल नंबर भी दिया था। इसके बाद बबलू ने अजय कुमार गुप्ता को बूंदी के रामनगर स्थित अपने घर बुलाया। 12 दिसंबर, 2025 को अजय बूंदी पहुंचा, जहां बस स्टैंड से बबलू उसे अपनी बलेनो गाड़ी में रामनगर ले गया। वहां बबलू ने उसे सोने का एक छोटा टुकड़ा दिया और जांच कराने को कहा। इस दौरान उसने अपना नाम कालू बताया और अजय ने सैंपल के लिए उसे 10 हजार रुपए दिए। घर जाकर अजय ने सैंपल की जांच करवाई, जो सही पाया गया। कुछ दिनों बाद, बबलू उर्फ कालू लगातार फोन करके अजय को सस्ते सोने का लालच देने लगा और उसे अपने घर आकर सोना खरीदने के लिए बुला रहा था। उसने अजय को 1 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम सोना देने का वादा किया। 19 दिसंबर, 2025 को अजय फिर बूंदी आया। बूंदी बस स्टैंड पर बबलू उर्फ कालू अपने एक साथी के साथ उसी बलेनो कार में आया और अजय को अपने साथ रामनगर स्थित घर ले गया। घर पहुंचते ही उन्होंने अजय से सोने के पैसे मांगे और मोबाइल के बारे में पूछा जो उन्होंने मंगवाया था।


