गोरखपुर में रिटायर्ड लेखपाल नहीं बल्कि सीमेंट कारोबारी बदमाशों के निशाने पर थे। दोनों घरों के गेट एक जैसे होने पर बदमाशों ने रिटायर्ड लेखपाल के घर को निशाना बनाया। यहां दो साल के जुड़वा बच्चों के गर्दन पर चाकू रखकर 80 लाख की लूट की। भागते समय धमकी दी कि अगर पुलिस को बताया तो पूरे परिवार को गोली मार देंगे। पुलिस ने इस मामले में 2 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जबकि चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लूट की वारदात एम्स थाना क्षेत्र के रजही मौर्या टोला में हुई। अब पढ़िए रिटायर्ड लेखपाल से घटना की जुबानी गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र स्थित रजही मौर्या चौराहा पर रिटायर लेखपाल बालेंद्र (70) रहते हैं। पीड़ित बालेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया- सोमवार शाम करीब 6 बजकर 42 मिनट पर दो बाइकों से चार बदमाश उनके घर पहुंचे और गेट की घंटी बजाई। मेरी पत्नी ऊषा सिंह किचन में थीं। बहू कल्पना सिंह और छोटे भाई तेजबहादुर सिंह की पत्नी पूर्णिमा सिंह भी वहीं थीं। मुझे लगा कि कोई कोरियर वाला आया है। लेकिन जैसे ही गेट खोला, बदमाशों ने सीमेंट का रुपया मांगना शुरू कर दिया। मैंने उनसे कहा कि मेरी कोई दुकान नहीं है। मैं उन्हें कुछ बताता कि इतने में बदमाशों ने मेरे सिर पर बट से वार कर फोड़ दिया। जबकि तीन बदमाश कनपटी पर पिस्टल सटाकर जबरन उन्हें घर के अंदर ले गए। इसके बाद उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। बदमाशों ने घर के तीन कमरों में रखी अलमारियों की चाबियां लेकर जेवर और करीब 4 लाख रुपए कैश निकाल लिए। इस दौरान मेरी पत्नी, बहू के जेवर भी निकलवा लिए। और उन्हें भी एक कमरे में बंद कर दिया। एक अलमारी के लॉकर की चाबी नहीं देने पर बदमाशों ने मेरे डेढ़ साल के पोते के गले पर तमंचा लगा दिया। बोले- चाबी नहीं दोगे तो गोली मार देंगे। मैंने कहा- चाबी नहीं मिल रही है। लॉकर तोड़ दीजिए। इसके बाद बदमाशों ने उसमें रखे जेवर भी ले गए। घर में 39 मिनट मचाया तांडव
घर में 39 मिनट तक तांडव मचाने के बाद करीब सात बजकर 21 मिनट पर बदमाश जाते-जाते धमकी दी कि यदि पुलिस को सूचना दी गई तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। बालेंद्र सिंह ने बताया- यदि मैंने विरोध किया होता तो शायद बदमाश पूरे परिवार को मार देते। बताया कि बदमाशों की भाषा और लहजा पूरी तरह स्थानीय था। इससे वे आसपास के ही रहने वाले हो सकते हैं। गांव की ओर निकल गए बदमाश
बदमाश उसी रास्ते से गांव की ओर भाग निकले, जो एयरफोर्स से रजही की ओर जाता है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस ने खंगाली लेकिन रात के अंधेरे के कारण कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका। हालांकि पुलिस का मानना है कि बदमाश जानबूझकर गांव की ओर गए, ताकि मुख्य सड़क पर निकलकर पुलिस को चकमा दे सकें। एडीजी और डीआईजी ने किया निरीक्षण
मंगलवार सुबह एडीजी जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन, डीआईजी रेंज डॉ. एस चन्नप्पा, एसपी सिटी अभिनव त्यागी और एसपी क्राइम सुधीर जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से पूछताछ की। अधिकारियों ने इलाके के लोगों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और घरों में मजबूत लोहे के दरवाजे व ताले लगवाने की सलाह दी। पूछताछ के लिए क्राइम ब्रांच ने दो संदिग्धों को उठाया है। पूरे इलाके की सीसीटीवी कैमरों फुटेज की जांच कर क्लू तलाश करने में पुलिस की टीमें लगी हैं। माना जा रहा है इन संदिग्धों की मदद से जल्द ही पुलिस घटना का पर्दाफाश कर लेगी। घटना के बाद दहशत में लोग
घटना के बाद से आसपास के लोग भी सहमे हुए हैं। पीड़ित के पटीदार राजेश सिंह ने बताया कि उनकी सीमेंट की दुकान है। अब ऐसी आशंका जताई जा रही है कि बदमाश संभवत उनकी सीमेंट की दुकान को निशाना बनाने आए थे क्योंकि दोनों मकानों के गेट एक जैसे ही हैं। फुटेज में बदमाश बाइक पर जाते दिखे
लेखपाल ने बताया- मेरे छोटे भाई तेज बहादुर सिंह को दिखाई नहीं देता है। वह बरामदे में सो रहे थे। बदमाशों ने उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। बदमाशों के जाने के बाद लेखपाल ने पुलिस को सूचना दी। एम्स थाना पुलिस, एसपी सिटी अभिनव त्यागी और सीओ जोगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें बदमाश बाइक से जाते हुए रहे हैं। बालेन्द्र सिंह ने बताया कि बदमाशों की उम्र 22 से 25 साल रही होगी। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया- लूट की वारदात के बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा। ————————
ये खबर भी पढ़ें
नानी के घर आई 4 साल की बच्ची से रेप:अमरोहा में आरोपी पुलिस एनकाउंटर में अरेस्ट, पैर में गोली लगी यूपी के अमरोहा में 48 साल के आरोपी ने 4 साल की बच्ची के साथ रेप किया। मूलरूप से बिजनौर की रहने वाली बच्ची अपनी नानी के घर आई थी। वह मंगलवार शाम घर के बाहर खेल रही थी। तभी आरोपी उसे चॉकलेट का लालच देकर सुनसान जगह पर ले गया। उससे रेप कर लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गया। पढ़िए पूरी खबर


