जशपुर जिला अस्पताल के 2 कर्मचारी निलंबित:पुलिस अभ्यर्थियों से फिटनेस प्रमाण-पत्र के लिए मांगे थे पैसे, CMHO ने कार्रवाई की

जशपुर जिला चिकित्सालय में पुलिस विभाग के अभ्यर्थियों से फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी करने के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। शिकायत की पुष्टि होने के बाद सीएमएचओ ने कार्रवाई करते हुए जिला अस्पताल के दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, फिटनेस प्रमाण-पत्र तैयार करने की प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों से अवैध रूप से राशि मांगे जाने की शिकायतें मिली थीं। जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9 (क) के तहत की गई है। निलंबित किए गए कर्मचारियों में जिला अस्पताल में पदस्थ भृत्य सुबोध राम और चौकीदार राजू यादव शामिल हैं। इन दोनों पर पुलिस विभाग के अभ्यर्थियों से फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी कराने के एवज में अवैध रूप से राशि मांगने का आरोप है। निलंबन अवधि में मुख्यालय निर्धारित निलंबन अवधि के दौरान सुबोध राम का मुख्यालय कार्यालय खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसाबहार और राजू यादव का मुख्यालय कार्यालय खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बगीचा निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में दोनों कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। सीएमएचओ की सख्त चेतावनी सीएमएचओ जीएस जात्रा ने कहा कि शासकीय सेवाओं में किसी भी प्रकार का भ्रष्ट आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी शिकायतें सामने आने पर संबंधितों के खिलाफ और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने इस कार्रवाई को स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *