पुलिस के मुखबीर होने का शक, हत्या की कोशिश:मिलने बुलाकर आरोपी बोले- तुम पुलिस से हमारी मुखबीरी करते हो, एक ने पीछे से पकड़ा और दूसरे ने पेट में घोंपा चाकू

शहर के हरि नगर क्षेत्र में रजत होम के पास मंगलवार दोपहर एक युवक पर पुलिस का मुखबीर होने का आरोप लगाकर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जिला अस्पताल दुर्ग और फिर मेकाहारा रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका ऑपरेशन किया गया। पीड़ित की मां की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिलने बुलाया और हत्या का किया प्रयास
राहुल ने अपनी मां को बताया कि सागर शर्मा ने उसे हरि नगर स्थित रजत होम के पास बुलाया था। राहुल अपने दोस्त सीबु के साथ वहां पहुंचा, जहां पहले से सागर शर्मा और उसका दोस्त विक्की उर्फ विकास सिंघारे मौजूद थे। दोनों आरोपियों ने उसे यह कहते हुए धमकाया कि तुम पुलिस को हमारी मुखबिरी करते हो, आज तुम्हारी होशियारी निकाल देंगे। इसके बाद विक्की ने पीछे से उसे पकड़ लिया और सागर शर्मा ने हत्या की नीयत से अपने पास रखे धारदार चाकू से उसके पेट में वार कर दिया। हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद राहुल के दोस्त सीबु ने उसे उठाकर जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया। जिला अस्पताल से मेकाहारा किया गया रेफर
आशा नगर दुर्ग निवासी पीड़िता ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह झाड़ू-पोंछा व साफ-सफाई का काम करती है। 6 जनवरी को दोपहर करीब 3 बजे उसे फोन पर सूचना मिली कि उसके बेटे राहुल को चाकू लग गया है और उसे जिला अस्पताल दुर्ग लाया गया है। सूचना मिलते ही वह तत्काल अस्पताल पहुंची, जहां राहुल को मेकाहारा ले जाने के लिए एम्बुलेंस में शिफ्ट किया जा चुका था। वह भी एम्बुलेंस में अपने बेटे के साथ रायपुर गई। मेकाहारा में राहुल का तत्काल इलाज किया गया। ऑपरेशन के बाद जब उसे वार्ड में शिफ्ट किया गया, तब मां ने उससे घटना के संबंध में जानकारी ली। दोनों आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने पीड़ित की मां के रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज होने के बाद ही आरोपी की तलाश में जुट गई थी। इनपुट के आधार पर आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *