झाबुआ जिले के थांदला में 9 से 12 जनवरी तक चार दिवसीय ‘खेल और युवा महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं को मौका देना और ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाना है। खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे थांदला युवा मित्र मंडल द्वारा आयोजित इस महोत्सव में पारंपरिक और आधुनिक खेलों का आयोजन किया जाएगा। प्रमुख खेलों में कबड्डी, तीरंदाजी और दौड़ शामिल हैं। इन खेलों के माध्यम से प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता, एकाग्रता और रणनीति का प्रदर्शन होगा। खेलों के साथ-साथ महोत्सव में पारंपरिक आदिवासी नृत्य भी होंगे, जो क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेंगे। आयोजन की तैयारियां जारी महोत्सव की तैयारियों को लेकर मंडल के संरक्षक और भाजपा एसटी मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कलसिंह भाभर ने प्रेस वार्ता में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों से उनका संगठन ऐसे आयोजनों को सफलतापूर्वक कर रहा है और युवाओं की खेल प्रतिभाओं को आगे लाना इसका मुख्य उद्देश्य है। मंडल अध्यक्ष बंटी डामोर और महोत्सव के संयोजक यशवंत बामनिया ने भी आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी।


