पन्ना में लगातार गिरते तापमान और बढ़ती शीतलहर को देखते हुए प्रशासन ने छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कलेक्टर ऊषा परमार ने पहले से घोषित छुट्टी की अवधि को बढ़ा दिया है। अब कक्षा नर्सरी से लेकर 8वीं तक के सभी स्कूल 10 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे। यह छुट्टी जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय (प्राइवेट), केंद्रीय स्कूल , नवोदय, सीबीएसई और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए 08 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा। 9वीं से 12वीं तक के छात्रों की लगेगी क्लासेज हालांकि, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों की कक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित समय पर ही लगेंगी। उनकी परीक्षाएं भी समय सारिणी के अनुसार ही संचालित होंगी। स्कूल के समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर विद्यालय उपस्थित होना अनिवार्य है, ताकि वे अन्य प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों का निर्वहन कर सकें। बच्चों का ठंड में खास ख्याल रखने की अपील प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस छुट्टी के कारण बच्चों के पाठ्यक्रम में होने वाले संभावित विलंब की पूर्ति आने वाले कार्य दिवसों में अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर की जाएगी। अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे बढ़ती ठंड को देखते हुए बच्चों के सेहत का विशेष ध्यान रखें। साथ ही, स्कूल संबंधी नवीनतम जानकारी के लिए स्कूल प्रबंधन के संपर्क में बने रहें।


