ज़ीरकपुर में नेपाल से आकर काम करने वाले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक के गले पर रस्सी के निशान पाए गए हैं, जिसके बाद पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान रमेश कुमार के रूप में हुई है, जो नेपाल का निवासी था। वह वर्तमान में सेक्टर-17 पंचकूला में रह रहा था और पेशे से लांगरी (रोटी बनाने वाला) था। रमेश चंडीगढ़, पंचकूला और ज़ीरकपुर के विभिन्न ढाबों व होटलों में काम कर चुका था। सेक्टर-14 पंचकूला के निवासी मृतक के चाचा गगन सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि रमेश लगभग एक साल पहले काम छोड़कर नेपाल चला गया था। वह 27 दिसंबर को दोबारा भारत लौटा और ज़ीरकपुर में अश्वनी नामक व्यक्ति के पास लांगरी का काम करने लगा। अश्वनी ने रमेश को ज़ीरकपुर के आकृति कॉम्प्लेक्स में रहने के लिए एक कमरा भी उपलब्ध कराया था। चाचा को बताया कि पित्त की थैली फटते से मौत गगन सिंह के अनुसार, गत मंगलवार को उन्हें फोन पर बताया गया कि रमेश की मौत पित्त की थैली फटने से हुई है। सूचना मिलने पर जब वह ज़ीरकपुर स्थित मेहर अस्पताल पहुंचे, तो रमेश को मृत घोषित किया जा चुका था। शव की जांच करने पर रमेश के गले पर रस्सी के स्पष्ट निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। चाचा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और युवक के संपर्कों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।


