SMS स्टेडियम में युवा एवं खेल महोत्सव का फीका आगाज:उद्घाटन में नहीं पहुंचे खेलमंत्री, खाली पांडाल में राज्यमंत्री ने की शुरुआत

राज्य स्तरीय युवा और खेल महोत्सव–2026 का शुभारंभ बुधवार को सवाई मानसिंह (एसएमएस) स्टेडियम में हुआ, लेकिन उद्घाटन समारोह उम्मीद के मुताबिक उत्साह नहीं दिखा सका। कार्यक्रम स्थल पर पांडाल लगभग खाली नजर आया, जिससे महोत्सव का आगाज फीका रहा। तय कार्यक्रम के अनुसार महोत्सव का उद्घाटन खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ को करना था, लेकिन उनके नहीं पहुंचने से आयोजन की चमक कम पड़ गई। खेल मंत्री की अनुपस्थिति के बाद खेल राज्य मंत्री केके विश्नोई ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए खेल और युवा शक्ति को राज्य के विकास की रीढ़ बताया और युवाओं से खेल व नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। खेल महोत्सव 7 से 12 जनवरी तक
राज्य स्तरीय युवा एवं खेल महोत्सव 7 से 12 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन राजस्थान युवा बोर्ड, युवा मामले एवं खेल विभाग, राजस्थान सरकार के तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन समिति से जुड़े डॉ. नीरज के. पवन ने बताया कि स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में बजट घोषणा 2025-26 के बिंदु संख्या 13 की क्रियान्विति के तहत इसे युवा एवं खेल महोत्सव सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। खेल महोत्सव में देशभर से युवा खिलाड़ी भाग लेंगे
महोत्सव के दौरान युवाओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें सांस्कृतिक संध्या, स्टार्टअप आइडियाथॉन, युवा संवाद, मोटिवेशनल सेशन और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग शामिल हैं। वहीं खेल गतिविधियों में कबड्डी, मलखंभ, रस्सा-कस्सी और योगासन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रदेशभर से युवा खिलाड़ी भाग लेंगे। महोत्सव के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को राजस्थान युवा आइकॉन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। चयनित युवाओं को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। हालांकि उद्घाटन समारोह में अपेक्षित भीड़ और उत्साह नहीं दिखा, लेकिन आयोजकों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं में युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी और आयोजन अपनी मूल भावना के अनुरूप युवाओं को मंच प्रदान करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *