लुधियाना में शादी समारोह से वापस लौट रहे दो चचेरे भाइयों की बाइक को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। घटना जगराओं के गांव काउंके खोसा की है। थाना सदर के एएसआई धरमिंदर सिंह के अनुसार, मृतक की पहचान हरप्रीत सिंह निवासी गांव रसूलपुर मल्ला के रूप में हुई है। पीड़ित परमिंदर सिंह ने बताया कि वह और उसका चचेरा भाई हरप्रीत गांव किशनपुरा में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। गांव काउंके खोसा के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हरप्रीत को पहले जगराओं के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए लुधियाना रेफर कर दिया। लुधियाना जाते समय रास्ते में ही हरप्रीत की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी बाइक सवार अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने छोड़ी गई बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। थाना सदर पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार बाइक सवार आरोपियों को पकड़ कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


