पंजाब के जालंधर में गोराया के पास एक गाड़ी का टायर फटने के कारण कार दुर्घटना ग्रस्त हो गई है। घटना के वक्त कार में एक ही परिवार के पांच सदस्य सवार थे। सभी को चोटें आई हैं, जिसमें से एक ही हालत गंभीर बनी हुई है। घटना का पता चलते ही दो मिनट बाद मौके पर सड़क सुरक्षा फोर्स की टीमें मौके पर पहुंच गई थी। जिसके बाद मामले की जानकारी गोराया पुलिस को भी दी गई थी। जख्मियों में पहचान अमरीक सिंह पुत्र गुरचरण सिंह, कमल अरोड़ा पत्नी अमरीक सिंह, फतेह पुत्र अमरीक सिंह, पुष्पिंदर कौर पत्नी गुरचरण सिंह निवासी यमुनानगर और अमृत कौर पत्नी अमरजीत सिंह निवासी रुड़की के रूप में हुई है। जिसमें कमल अरोड़ा की हालत गंभीर बनी हुई है। एएसआई बोले- परिवार अमृतसर से यमुनानगर की ओर जा रहा था मौके पर पहुंचे सड़क सुरक्षा फोर्स के अधिकारियों एएसआई सर्बजीत सिंह ने कहा- गोराया राष्ट्रीय राजमार्ग पर टायर फटने के कारण ये सड़क दुर्घटना हुई थी। कार में एक ही परिवार के 5 सदस्य सवार थे। जिनमें से एक की हालत गंभीर है। उन्हें लुधियाना के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। सड़क सुरक्षा फोर्स के एएसआई सरबजीत सिंह ने कहा- एक एक्सयूवी गाड़ी अमृतसर से यमुनानगर की ओर जा रही थी। जब गाड़ी गोराया बस स्टैंड ओवरब्रिज के पास पहुंची तो गाड़ी का कंडक्टर सील वाला टायर फट गया। इस दौरान उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई और हादसे का शिकार हो गई। गनीमत रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। साथ गाड़ी को समय रहते ड्राइवर द्वारा कंट्रोल कर लिया गया था। मगर हादसा बड़ा हो सकता था। जख्मियों को एसएसएफ की टीम द्वारा ही अस्पताल पहुंचाया गया था।


