भास्कर न्यूज | राजनांदगांव नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए तारीख घोषित हो गई है। जिले के 5 नगरीय निकाय में 11 फरवरी को मतदान होगा। मतगणना 14 फरवरी को होगी। इसके लिए 22 जनवरी से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जो 28 जनवरी तक चलेगी। इसी तरह जिले में तीन चरण में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होंगे। तीनों चरणों से लेकर एक साथ 27 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। हालांकि मतदान 17, 20 और 23 फरवरी को होंगे। पंचायत चुनाव के वोटिंग खत्म होने के बाद ही मतगणना भी शुरू हो जाएगी। निगम क्षेत्र में ईवीएम तो पंचायतों में बैलेट पेपर से चुनाव होंगे। इधर निकाय चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को महज 13 दिन ही प्रचार प्रसार के लिए मिलेगा। चुनाव आयोग ने मेयर, नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए तो खर्च की लिमिट तय की है। लेकिन सरपंच और पार्षद प्रत्याशियों के लिए चुनावी खर्च का कोई लिमिट निर्धारित नहीं है। चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही जिलेभर में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है। जानिए, जिलेभर में कितने पार्षद, सरपंच व पंच पद में होगे चुनाव: जिले के पांच नगरीय निकाय में 120 वार्ड पार्षद के लिए चुनाव होंगे। इसी तरह पंचायतों की संख्या 408 है। 95 जनपद सदस्य सहित 13 जिपं सदस्य के लिए मतदान होगा। वहीं जिलेभर में पंच के 5590 पदों के लिए चुनाव होंगे। जिलेभर में 93 अतिसंवेदनशील बूथ है। जिसमें 47 नक्सल प्रभावित हैं। यह भी जानिए, चुनावी प्रक्रिया के अंतर्गत कब क्या होना है {नगरीय निकाय: 22 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरु होगी। 28 जनवरी नामांकन दाखिले का अंतिम दिन होगा। 29 को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 31 जनवरी को नाम वापसी, इसी दिन चुनाव चिन्ह आवंटन। इसके बाद 11 फरवरी को मतदान और 14 फरवरी को मतगणना पूरी होगी। {त्रिस्तरीय पंचायत: 27 जनवरी से नामांकन। 3 फरवरी नामांकन का अंतिम दिन । 4 को नामांकन पत्रों की जांच, 6 फरवरी को नाम वापसी, चुनाव चिन्ह का आवंटन। पहले चरण में नांदगांव ब्लाक में 17 फरवरी को वोटिंग होगी, दूसरे चरण में छुरिया ब्लाक में 20 फरवरी, तीसरे चरण में 23 फरवरी को डोंगरगांव व डोंगरगढ़ ब्लाक के पंचायतों में मतदान होगा।


