हिमाचल प्रदेश के मंडी के धर्मपुर से कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर ने हिमाचल प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर पड़ोसी राज्य पंजाब पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की कुछ ताकतें हिमाचल के युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने का काम कर रही हैं। चिट्टे का नशा बड़ी चिंता का विषय विधायक ने बताया कि प्रदेश में विशेषकर चिट्टे का नशा बड़ी चिंता का विषय बन गया है। ओवरडोज के कारण हर हफ्ते एक से दो युवाओं की मौत हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दशकों से पंजाब की कुछ ताकतें हिमाचल के युवाओं को नशे की गिरफ्त में लाने का प्रयास कर रही हैं, ताकि यहां की युवा पीढ़ी बर्बाद हो सके। पंजाब के मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे चंद्रशेखर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में सरकार इन ताकतों से सख्ती से निपटने को तैयार है। प्रदेश में नशे की जड़ों को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कांगड़ा के नूरपुर में कई युवाओं के एचआईवी पॉजिटिव पाए जाने पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। विधायक ने स्पष्ट किया कि वे पंजाब की इन मंसूबों को कभी सफल नहीं होने देंगे और हिमाचल के युवाओं की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।


