हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के बाथड़ी क्षेत्र में सड़क हादसे में एक 37 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोना बाउरी के रूप में हुई है, जो झारखंड के धनबाद जिले का रहने वाला था और स्थानीय सूर्य पोलिक्स फैक्ट्री में काम करता था। घटना सोमवार रात करीब 8:30 बजे की है। मृतक के बहनोई संजय बाउरी ने बताया कि जब उन्होंने मोना को खाने के लिए फोन किया, तो उससे बात नहीं हो पाई। फोन पर किसी की “उठाओ-उठाओ, साइड में करो” की आवाजें सुनाई दे रही थीं। जब संजय मौके पर पहुंचे, तो लोग मोना को एक गाड़ी में डाल रहे थे। उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें थीं। घायल मोना को तुरंत ऊना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अकेला एक क्वार्टर में रहता था और अपने बहनोई के यहां खाना खाता था। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।


