10वीं में 80% और 12वीं में 90% तक परीक्षा परिणाम लाएं

भास्कर न्यूज | धमतरी 10वीं, 12वीं बोर्ड कक्षाओं की परीक्षा 20 फरवरी से शुरू हो जाएंगी। परीक्षा को अब महीनेभर ही बाकी है। बीते साल की तरह इस साल परीक्षा परिणाम खराब न आए, इसके लिए अधिकारियों व प्राचार्यों को अल्टीमेटम कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बैठक के दौरान दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि 10वीं का न्यूनतम 80 प्रतिशत और 12वीं का 90 प्रतिशत से अधिक परीक्षा परिणाम होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन स्कूलों के परिणाम आशानुरूप नहीं होंगे, उसकी जिम्मेदारी संबंधित प्राचार्य की होगी तथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिले में आगामी बोर्ड परीक्षाओं के बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बुधवार को स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं जिले के समस्त प्राचार्यों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ होने में अब बहुत कम समय शेष है, ऐसे में सभी अधिकारी एवं प्राचार्य बच्चों की पढ़ाई पर पूरा फोकस करें, ताकि परीक्षा परिणाम में उल्लेखनीय सुधार हो सके। उन्होंने सभी बीआरसी, बीईओ, एपीसी, डीएमसी एवं डीईओ को सतत निरीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन देने तथा तुलनात्मक समीक्षा करने के निर्देश दिए। जिले के चारों ब्लाक से कम से कम 5-5 स्कूलों को शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम के लिए चिह्नांकित करने कहा। कलेक्टर ने अर्धवार्षिक परीक्षा के आधार पर कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर विशेष अध्यापन योजना तैयार करने एवं मेधावी विद्यार्थियों की सूची बनाकर उन्हें और बेहतर मार्गदर्शन देने के निर्देश जिला एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठक प्रत्येक सप्ताह आयोजित की जाए और प्रगति पर नियमित चर्चा हो। विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए बीते 5 साल के प्रश्नपत्र हल कराने के निर्देश दिए। सभी शिक्षकों का वीएसके एप में पंजीयन सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्कूलों में विषयवार प्राप्त अंकों की भी समीक्षा की। बैठक में संयुक्त कलेक्टर कल्पना ध्रुव, जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्राइमरी कक्षा की परीक्षा भी शुरू हो गई है। 6 जनवरी को कक्षा पहली का गणित, दूसरी कक्षा का अंग्रेजी, तीसरी का गणित, चौथी का अंग्रेजी, पांचवीं का हिन्दी पेपर हुआ। 7 को तीसरी का हिन्दी, चौथी का हिन्दी और 5वीं कक्षा का अंग्रेजी पेपर हुआ। 8 जनवरी को पहली का अंग्रेजी, दूसरी का गणित, तीसरी का अंग्रेजी, चौथी का गणित, 5वीं का पर्यावरण परीक्षा होगा। {10वीं बोर्ड में परीक्षा परिणाम में रिकार्ड 9.14 प्रतिशत की गिरावट हुई {10वीं का परीक्षा परिणाम 2023-24 में 81.15% था, 2024-25 में घटकर 72.01% हो गया {12वीं में 5.99% की गिरावट हुई थी {12वीं का परीक्षा परिणाम 87.55% से घटकर 81.56% आया था {10वीं में दो बच्चों ने टॉप-10 में जगह बनाई {12वीं में धमतरी जिला टॉप-10 से बाहर हो गया

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *