भास्कर न्यूज | जशपुरनगर सिटी कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों मेंकार्रवाई करते हुए 20 गौवंशों को सकुशल बरामद किया है, वहीं एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। 6 जनवरी को शाम करीब 4 बजे सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति ग्राम डूमरटोली के जंगल रास्ते से कई गौवंशों को बेरहमी से मारते-पीटते हुए पैदल झारखंड राज्य की ओर ले जा रहा है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। डूमरटोली जंगल में पुलिस ने देखा कि एक व्यक्ति 10 गौवंशों को क्रूरतापूर्वक हांकते हुए ले जा रहा था। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर सभी गौवंशों को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस को देखकर आरोपी जंगल के रास्ते भाग निकले। एक की पहचान ग्राम डूमरटोली निवासी अजीत राम (38) के रूप में की गई। बाद में पुलिस ने उसके घर दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह सभी गौवंशों को गोविंदपुर (झारखंड) ले जा रहा था। वहीं, दूसरे मामले में गत रात्रि जशपुर क्षेत्र से होकर पिकअप वाहन में गौ तस्करी की सूचना मिलने पर कई थानों की संयुक्त टीम द्वारा हाईवे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप क्रमांक जेएच-02-बीएस-4348 दिखाई देने पर पुलिस ने उसका पीछा किया। थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत ग्राम पतराटोली के पास पुलिस को पीछा करते देख तस्कर पिकअप वाहन छोड़कर फरार हो गए। वाहन की जांच में पिकअप में रस्सी से बांधकर ठूस-ठूस कर भरे गए 10 गोवंश पाए गए। सभी गौवंशों को सकुशल बरामद कर पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। साथ ही संदिग्ध पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।


