मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में एक बाघिन की मौजूदगी से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ज्वालेश्वर महादेव मंदिर के आस-पास पिछले तीन दिनों से एक मादा बाघिन ने डेरा डाल रखा है, जिसकी पुष्टि सीसीटीवी फुटेज में भी हुई है। इस क्षेत्र में रोजाना सैकड़ों की संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु आते हैं। ज्वालेश्वर और अमरेश्वर मंदिर के मार्ग पर स्थानीय लोगों का आवागमन भी लगातार बना रहता है। बाघिन की मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल है। वन विभाग की मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की संयुक्त टीम बाघिन की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रख रही है। विभाग ने क्षेत्र में आने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। यह इलाका प्राकृतिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ दो राज्यों की सीमा पर स्थित है, जिससे यहां सुरक्षा व्यवस्था को और भी कड़ा कर दिया गया है।


