फाजिल्का की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में मोबाइल मैकेनिक समेत दो युवकों को एक किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर गांव लालोवाली मोड़ के पास से पुलिस ने इन आरोपियों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों में मंडी हजूर सिंह निवासी अजीत सिंह और गांव रामनगर (जट्टवाली) निवासी जगसीर सिंह शामिल हैं। अजीत सिंह मोबाइल रिपेयर की दुकान चलाता है। दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन बाइक से गिर जाने के कारण पकड़े गए। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों से आधा-आधा किलो के दो पैकेट में कुल एक किलो हेरोइन बरामद की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस रिमांड हासिल कर आरोपियों से पूछताछ की जाएगी, जिससे नशे के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।


