जीवाजी विवि के स्थापना दिवस में शामिल होंगे उप राष्ट्रपति:एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक 1800 जवान तैनात, जयविलास पैलेस भी घूमेंगे धनखड़

ग्वालियर में रविवार को जीवाजी विश्वविद्यालय के 60वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शामिल होंगे। उप राष्ट्रपति धनखड़ 3 घंटे से ज्यादा समय तक ग्वालियर में रहेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक 1800 जवान व अफसर सुरक्षा में तैनात रहेंगे। पूरे कार्यक्रम की दो डीआईजी, तीन एसपी स्तर के अफसर सुरक्षा संभाल रहे हैं। कार्यक्रम स्थल को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। वीवीआईपी रूट पर किसी आम नागरिक की एंट्री नहीं होगी। सुरक्षा व्यवस्था को चेक करने शनिवार को पुलिस ने फाइनल कारकेड निकालकर रिहर्सल की है। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ रविवार सुबह 10.55 बजे वायुसेना के विशेष विमान से ग्वालियर पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार धनखड़ सुबह 11.25 बजे महाराज बाड़ा आएंगे और यहां नेशनल जियो साइंस म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद सुबह लगभग 11.45 बजे जीवाजी विश्वविद्यालय पहुंचकर महाराज जीवाजीराव सिंधिया की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इसके बाद वे जयविलास पैलेस घूमेंगे। करीब 2.30 बजे वायुसेना के विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। कारकेड में शामिल हुए अफसर शनिवार को अफसरों ने वीवीआईपी रूट पर कारकेड निकाला। कारकेड एयरपोर्ट से शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पहले महाराज बाड़ा और फिर जीवाजी विश्वविद्यालय पहुंचा। इसके बाद इसी तरह वापस एयरपोर्ट पहुंचा। कारकेड में बाहर से आए अफसरों के साथ ही स्थानीय अफसर और जवान शामिल हुए। हर चौराहा पुलिस के पहरे में वीआईपी सुरक्षा के लिए आज सुबह से ही पुलिस जवान और अफसर उन चौराहों और मार्गो पर तैनात कर दिए गए हैं, जहां से कुछ देर बाद उप राष्ट्रपति का काफिला गुजरेगा। किसी को भी वीवीआईपी रूट पर आने की इजाजत नहीं है। आधा घंटे पहले रोका जाएगा यातायात जिन रास्तों से वीआईपी गुजरेंगे उन रास्तों पर आधा घंटे पहले ट्रैफिक रोक दिया जाएगा और इस मार्ग पर गलियों से आने वाले वाहनों को भी बैरिकेड्स लगाकर रोका जाएगा। यह मार्ग रहेंगे परिवर्तित -भिण्ड से ग्वालियर आने वाले वाहनों को लक्ष्मणगढ़ पुल से डायवर्ट कर बड़ागांव पुल होते हुए शहर में प्रवेश मिलेगा। इसी तरह भिंड जाने वाले वाहनों को छह नंबर चौराहा होते हुए बेहटा चौकी होते हुए लक्ष्मणगढ़ पुल पर होते हुए जाएंगे।
– गुना, अशोक नगर, शिवपुरी, डबरा, दतिया होते हुए आने वाले वाहन जिनको मुरैना जाना है उन्हें सिकरौदा तिराहे से बायपास होते हुए जाएंगे।
-सिंकदर कंपू, बाड़े से हनुमान चौराहा जाने वाले वाहनों को स्काउट गेट, पिछाड़ी ड्योडी, गांधी गुलंबर होते हुए हनुमान चौराहा जाएंगे। वहीं हनुमान चौराहा से बाड़े-कंपू आने वाले वाहनों को नई सड़क, राम मंदिर, ऊंट पुल, दाल बाजार होते हुए जाएंगे।
-जीवाजी विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अल्कापुरी तिराहे से हाईकोर्ट होते हुए राजमाता तिराहा आने वाले वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह एजी ऑफिस पुल होकर जाने वाले वाहनों को माधव नगर, बसंत विहार और एलआईसी तिराहा होते हुए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *