छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शिशु स्वास्थ्य को लेकर जिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र में शिशु संरक्षण माह की शुरुआत हुई। यह अभियान 21 जनवरी से 21 फरवरी 2025 तक चलेगा। इस अभियान में करीब 27 हजार बच्चों को लाभ मिलेगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य 6 महीने से 59 महीने तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार लाना है। इस अभियान के तहत 27,180 बच्चों (13,587 बालक और 13,593 बालिकाएं) को विटामिन-ए तथा 28,779 बच्चों (14,470 बालक और 14,309 बालिकाएं) को आयरन-फोलिक एसिड सिरप पिलाई जाएगी। बच्चों के वजन और हीमोग्लोबिन की होगी जांच इसके अलावा बच्चों का नियमित वजन और हीमोग्लोबिन की जांच की जाएगी। कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र भेजा जाएगा। गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण, आयरन फोलिक एसिड टैबलेट वितरण के साथ-साथ प्रसव और स्तनपान संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना, सोनहत और बचरापोड़ी में भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के शुभारंभ में सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक असरफ अंसारी, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अभिषेक गढेवाल सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।


