कांकेर के शिक्षा विभाग में रिश्वतखोरी:रिटायर्ड शिक्षक के परिजन से पेंशन फाइल के लिए मांगे 1 लाख, दो कर्मचारी निलंबित

कांकेर शिक्षा विभाग में रिटायर्ड शिक्षकों की पेंशन फाइल को पूरा करने के नाम पर 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। मामला तब उजागर हुआ जब सुरेली निवासी लखन लाल जैन के निधन के बाद उनके परिजनों से भी पेंशन के लिए रिश्वत की मांग की गई। परिजनों ने शिक्षक संघ और पेंशनर्स संघ कांकेर की मदद से जिला प्रशासन में शिकायत दर्ज कराई। कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल ने खंड शिक्षा कार्यालय में तैनात सहायक ग्रेड-2 की दो कर्मचारी जागृति साहू और दीपा निषाद को निलंबित कर दिया। इस मामले का ऑडियो भी हुआ था वायरल इससे पहले एक वायरल ऑडियो में भी इस भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ था, जिसमें रिटायर्ड शिक्षकों को मिलने वाली राशि का 10 प्रतिशत डीईओ और 20 प्रतिशत अन्य उच्च अधिकारियों के लिए मांगा जा रहा था। एक मामले में जहां 5.69 लाख रुपये की राशि थी, वहां कर्मचारी ने 90 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। ऑडियो में यह भी कहा गया कि पैसे सीधे अधिकारियों को भी दिए जा सकते हैं। हालांकि, प्रशासनिक कार्रवाई में अभी तक केवल दो कर्मचारियों पर ही कार्रवाई हुई है। ऑडियो में जिन उच्च अधिकारियों के नाम आए हैं, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस वजह से शिक्षक समुदाय में भ्रष्टाचार पूरी तरह समाप्त होने को लेकर संदेह बना हुआ है। पूर्व अधिकारियों के कार्यकाल से शुरू हुई प्रथा नाम न बताने की शर्त पर रिटायर्ड शिक्षकों ने बताया कि यह प्रथा पुराने डीईओ और बीईओ के कार्यकाल से शुरू हुई है, जो लगातार चली आ रही है। पहली बार साक्ष्य मिलने व परिजन लड़ने के लिए तैयार होने पर शिक्षक संघ और पेंशनर्स संघ ने साथ दिया है। शिक्षकों को अभी संदेह है कि यह भ्रष्टाचार बंद होगा या निरंतर जारी रहेगा। निलबंन के दौरान दूसरे ब्लॉक में किया गया अटैच खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कांकेर में पदस्थ जागृति साहू और दीपा निषाद को कारण बताओ नोटिस का जवाब न देने पर निलंबित किया गया है। जागृति साहू को मुख्यालय खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय भानुप्रतापपुर और दीपा निषाद को मुख्यालय खंड शिक्षा अधिकारी नरहरपुर में नियत किया गया है। निलंबन के दौरान उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *