रात के बजाय दिन में सर्दी का कहर बढ़ा:बीकानेर में दिन की सर्दी सबसे तीखी, पारा सामान्य से 9 डिग्री तक लुढ़का

बीकानेर में गुरुवार को सर्दी ने दिन में भी कंपकंपी बढ़ा दी। अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य दिनों की तुलना में 8.9 डिग्री सेल्सियस कम है। धूप निकलने के बावजूद ठंड का असर दिनभर बना रहा और लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है। इस कारण बीकानेर में दिन और रात, दोनों समय ठिठुरन बढ़ गई है। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सर्दी का असर साफ नजर आया। ग्रामीण क्षेत्रों में रात की सर्दी और ज्यादा तेज हो गई है। लूणकरणसर में अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शहर से कुछ अधिक है, लेकिन न्यूनतम तापमान गिरकर 4.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। ग्रामीण इलाकों में रात का पारा अब 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। सिर्फ बीकानेर ही नहीं, बल्कि पूरे बीकानेर संभाग में ठंड का दायरा बढ़ गया है। संभाग के अधिकांश इलाके कोहरे की चपेट में हैं। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 8 डिग्री कम है। वहीं चूरू में अधिकतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा, हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। आगे क्या रहेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर में शुक्रवार तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन तापमान में खास बढ़ोतरी के संकेत फिलहाल नहीं हैं। ऐसे में सर्दी से राहत मिलने में अभी समय लग सकता है। राजस्थान के ठंडे शहरों में बीकानेर बीकानेर संभाग से बाहर के जिलों से तुलना करें तो बीकानेर में सर्दी का असर ज्यादा तीखा नजर आ रहा है। बीकानेर का अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 9 डिग्री कम है, जबकि जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर जैसे पश्चिमी जिलों में दिन का तापमान 19 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। जयपुर और अजमेर में भी अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, जो बीकानेर से ज्यादा है। न्यूनतम तापमान में बीकानेर 7.2 डिग्री के साथ मध्यम श्रेणी में है, लेकिन दिन के तापमान में तेज गिरावट के कारण यहां ठंड का प्रभाव अन्य जिलों की तुलना में अधिक महसूस किया जा रहा है। बीकानेर में सर्दी के ये नजारे भी देंखे…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *