पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में जपला–छतरपुर मुख्य मार्ग पर स्थित मनोज इलेक्ट्रिक एवं इलेक्ट्रॉनिक दुकान में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना रात के समय हुई, जब दुकान बंद थी। आसपास सन्नाटा पसरा हुआ था। आग धीरे-धीरे विकराल रूप लेती चली गई। दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलता चला गया। गुरुवार सुबह किसी स्थानीय व्यक्ति ने दुकान मालिक मनोज कुमार को आग लगने की सूचना दी। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू सूचना मिलने के बाद हुसैनाबाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग काफी भयानक थी, जिससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भी दहशत फैल गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक भारी नुकसान हो चुका था। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दुकान में रखे वाशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर, एलसीडी टीवी, एसी, रूम हीटर, ब्लोअर समेत अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जल गए। दुकान के अंदर का फर्नीचर, वायरिंग और काउंटर भी नष्ट हो गया। 30 लाख से अधिक का नुकसान प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस अग्निकांड में दुकानदार को 30 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। मनोज कुमार ने बताया कि दुकान ही उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन थी और इस हादसे ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है। पीड़ित दुकानदार ने जिला प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है ताकि वह दोबारा अपना व्यवसाय शुरू कर सके। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से प्रभावित दुकानदार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है। घटना की सूचना संबंधित विभागों को दे दी गई है। पुलिस और बिजली विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है। शॉर्ट सर्किट की आशंका को लेकर जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।


