ठेले वालों से हफ्ता वसूली करने वाले 4 बदमाश गिरफ्तार:दो दिन पहले की थी तोड़फोड़, आज वहीं से पुलिस ने निकाला जुलूस

चित्तौड़गढ़ शहर में छोटे व्यापारियों को डराने-धमकाने और उनसे जबरन हफ्ता वसूली करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। दो दिन पहले राजीव गांधी पार्क के बाहर बड़ा पाव और पानीपुरी के ठेलों में तोड़फोड़ करने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये बदमाश लंबे समय से पार्क के बाहर ठेले लगाने वाले गरीब लोगों से शराब पीने के लिए रोजाना पैसे वसूलते थे। पैसे नहीं देने पर वे मारपीट और तोड़फोड़ करते थे। पुलिस ने न सिर्फ आरोपियों को पकड़ा, बल्कि दोपहर के समय उन्हीं ठेले वालों के सामने उनका जुलूस भी निकाला, ताकि लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़े और अपराधियों के प्रति डर खत्म हो। यह पूरा मामला सदर थाना क्षेत्र का है। हफ्ता नहीं देने पर ठेले में की गई तोड़फोड़ 6 जनवरी की रात को डूंगला हाल सेंथि निवासी शंकर लाल पुत्र नाथूलाल डांगी ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शंकर लाल ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह राजीव गांधी पार्क के बाहर बड़ा पाव और पानीपुरी की लारी लगाकर अपना और अपने परिवार का गुजारा करता है। उसी दौरान कुछ बदमाश वहां पहुंचे और उससे रोज का हफ्ता देने की मांग करने लगे। जब शंकर लाल ने पैसे देने से मना किया तो बदमाश गुस्से में आ गए और उसकी लारी में जमकर तोड़फोड़ कर दी। उन्होंने सारा सामान सड़क पर फेंक दिया, जिससे उसे काफी नुकसान हुआ। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस हरकत में आई शंकर लाल की शिकायत के बाद सदर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। शहर DSP बृजेश सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उनकी लोकेशन ट्रेस करवाई गई। तकनीकी और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने कुछ ही समय में चारों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, खासकर जब बात गरीब और मेहनत मजदूरी करने वाले लोगों की सुरक्षा की हो। चार बदमाश गिरफ्तार, इलाके में निकाला जुलूस पुलिस ने गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को राजीव गांधी पार्क के बाहर उसी जगह ले जाकर जुलूस निकाला, जहां उन्होंने ठेले वालों के साथ बदसलूकी की थी। जुलूस के दौरान आरोपी हाथ जोड़कर चलते हुए अपनी गलती की माफी मांगते नजर आए। इस दौरान वहां मौजूद ठेले वालों और आम लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जुलूस निकालने का मकसद यह था कि आम लोगों में यह संदेश जाए कि पुलिस उनके साथ है और अपराध करने वालों को सजा जरूर मिलेगी। गिरफ्तार आरोपियों के है और भी आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस ने जिन चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है, उनमें पंचवटी निवासी दीपेश पुत्र किशनलाल गमेती, भीलवाड़ा हाल सेंथि निवासी घनश्याम पुत्र कैलाश गिरी, पंचवटी निवासी ईश्वर पुत्र दीपक जायसवाल और सेंथि निवासी उदयलाल पुत्र नारायण गुर्जर शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये आरोपी पहले भी कई बार शराब पीकर इलाके में उत्पात मचाते थे और ठेले वालों से पैसे वसूलते थे। कुछ आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी पहले से मौजूद है, जिसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है। लोगों में डर खत्म करने के लिए निकाला जुलूस – DSP DSP शहर बृजेश सिंह ने बताया कि यह जुलूस खास तौर पर इसलिए निकाला गया ताकि आम लोगों और ठेले वालों के मन से डर निकल सके। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति किसी व्यापारी, ठेले वाले या आम नागरिक के साथ गलत करता है, तो उसे बिना डरे पुलिस को सूचना देनी चाहिए। पुलिस हर हाल में पीड़ित के साथ खड़ी रहेगी। DSP ने यह भी बताया कि इस मामले में कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस जाब्ता मौके पर रहा मौजूद जुलूस के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। DSP बृजेश सिंह के साथ सदर थानाधिकारी निरंजन प्रताप सिंह, अनुसंधान अधिकारी ASI मुरलीदास सहित थाने का पूरा जाब्ता मौके पर मौजूद रहा। पुलिस ने पूरे इलाके में निगरानी रखी ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की और पुलिस के लिए नारे लगाए। छोटे व्यापारियों ने ली राहत की सांस राजीव गांधी पार्क के बाहर ठेले लगाने वाले लोगों ने बताया कि लंबे समय से कुछ बदमाश उन्हें परेशान कर रहे थे। रोज-रोज हफ्ता मांगने और मारपीट की धमकी से वे डरे हुए थे। लेकिन अब पुलिस की इस कार्रवाई के बाद उन्हें राहत मिली है। ठेले वालों का कहना है कि अब वे बिना डर के अपना काम कर सकेंगे। पुलिस ने भी भरोसा दिलाया है कि भविष्य में ऐसी किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी और अपराधियों को छोड़ा नहीं जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *