मानसा जिले के बुढलाडा में 20 वर्षीय जशनदीप सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दावा किया है कि इस कत्ल की वारदात को कुछ ही घंटों में सुलझा लिया गया। यह घटना बीते दिन बुढलाडा बस स्टैंड के पास हुई, जब गांव कुलेहरी निवासी जशनदीप सिंह अपना जन्मदिन मनाने के लिए एक पिज्जा की दुकान पर आया था। इसी दौरान कार सवार 5 युवकों ने उस पर हमला कर दिया। 4 साथियों के साथ किया था युवक का मर्डर मानसा के एसएसपी भागीरथ सिंह मीणा ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते रणवीर सिंह उर्फ फलाप ने अपने 4 अन्य साथियों के साथ मिलकर जशनदीप सिंह की हत्या कर दी। रणवीर सिंह उर्फ फलाप हरियाणा के फतेहाबाद जिले के बहिमणवाला गांव का निवासी है। पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार सीआईए स्टाफ मानसा और बुढलाडा पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रणवीर सिंह उर्फ फलाप के साथ पवित्र सिंह, करण सिंह, दविंदर सिंह और नरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार और गाड़ी भी बरामद की है। एसएसपी मीणा ने बताया कि इस कत्ल की वारदात को अंजाम देने वाले कातिलों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम की सराहना की गई है। इस संबंध में माननीय डीजीपी को पत्र भेजा गया है ताकि इन सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष सम्मान दिया जा सके।


