राजेंद्र कुमार की पत्नी शुक्ला कुमार का निधन:10 जनवरी को होगी प्रेयर मीट

एक्टर राजेंद्र कुमार की पत्नी और एक्टर कुमार गौरव की मां शुक्ला कुमार का हाल ही में निधन हो गया। इसकी जानकारी बुधवार को सामने आई है। परिवार के मुताबिक उनकी प्रेयर मीट 10 जनवरी को होगी। यह जानकारी बॉलीवुड हंगामा ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दी है। फिलहाल उनके निधन के कारणों का पता नहीं चल पाया है। बता दें कि शुक्ला कुमार लाइमलाइट से दूर रहती थीं और वह कम ही सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आती थीं। हालांकि, वह हिंदी सिनेमा के एक सम्मानित फिल्म परिवार की अहम सदस्य थीं। राजेंद्र कुमार से शादी के बाद उन्होंने उनके पूरे फिल्मी सफर को करीब से देखा। दोनों के तीन बच्चे थे, जिनमें एक बेटा कुमार गौरव और दो बेटियां डिंपल और मनोरमा शामिल हैं। राजेंद्र कुमार की बात करें तो उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में जुबली कुमार के नाम से जाना जाता था। उस दौर में उनकी फिल्मों ने लगातार बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की थी। उनकी कई फिल्में सिनेमाघरों में कम से कम 25 हफ्ते (सिल्वर जुबली) तक चली थीं। उनकी फेमस फिल्मों में गूंज उठी शहनाई, दिल एक मंदिर, मेरे महबूब, संगम और आरजू शामिल हैं। राजेंद्र कुमार का निधन 12 जुलाई 1999 को हुआ था। उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। वह उस समय कैंसर से भी जूझ रहे थे। वहीं, उनके बेटे कुमार गौरव ने साल 1981 में फिल्म लव स्टोरी से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। यह उनकी पहली ही फिल्म थी और सुपरहिट साबित हुई। विजेता पंडित के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने पसंद किया। इस फिल्म के बाद वह रातों-रात स्टार बन गए थे। इसके बाद वे तेरी कसम, स्टार, नाम, और कांटे जैसी फिल्मों में नजर आए। हालांकि, उनकी बाद की फिल्में लव स्टोरी जैसी हिट नहीं हुईं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *