डुमरी विधायक और जेएलकेएम सुप्रीमो जयराम महतो गुरुवार को बोकारो के बीएसटी थाना में दर्ज एक मामले में पेशी के लिए धनबाद न्यायालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सांसद ढुल्लू महतो पर 40 हजार करोड़ रुपए की कथित बेनामी संपत्ति होने का आरोप लगाया और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की। जयराम महतो ने बताया कि सांसद ढुल्लू महतो के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की गई है, जिस पर न्यायालय ने राज्य सरकार को जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने तर्क दिया कि यदि सांसद 80 वर्ष भी जीवित रहते हैं, तो भी शेष जीवन में इतनी बड़ी राशि खर्च करना संभव नहीं है। उनके अनुसार, यदि कोई व्यक्ति प्रतिदिन 5 लाख रुपए भी खर्च करे, तो पूरी रकम खर्च करने में लगभग दो हजार वर्ष लग जाएंगे। उन्होंने सांसद के तीन कथित साझेदारों का नाम लेते हुए उनकी संपत्तियों की भी जांच की मांग की। जयराम महतो ने खुद को एक रिसर्चर बताते हुए कहा कि वे तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर ही बात करते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सांसद द्वारा उन्हें अनावश्यक रूप से निशाना बनाया जा रहा है। इस अवसर पर जयराम महतो ने नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर कराने की भाजपा की मांग का समर्थन किया। इसके साथ ही, उन्होंने पेसा कानून को लेकर राज्य सरकार से अपील की कि इसे लागू करने से पहले इसकी व्यापक समीक्षा की जाए।


