अजमेर के रामगंज थाना क्षेत्र स्थित शिव मंदिर से श्याम बाबा की मूर्ति से चांदी का छत्र चोरी होने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर बुधवार देर रात मंदिर में घुसकर बाबा श्याम की मूर्ति से करीब 200 ग्राम वजनी चांदी का छत्र चोरी कर ले गए। चोरी के दौरान चोरों ने मंदिर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर रामगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस ने मंदिर परिसर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुजारी मंदिर पहुंचे तो श्याम बाबा का चांदी का छत्र गायब मिला मंदिर के पुजारी राजू शर्मा ने बताया कि सुबह जब वह पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो बाबा श्याम का चांदी का छत्र गायब मिला और मंदिर को भी नुकसान पहुंचाया गया था। पहले भी मंदिर में हो चुकी चोरी की वारदात उन्होंने बताया कि इससे पहले भी मंदिर में चोरी की वारदात हो चुकी है, जिसमें दानपेटी से नकदी और अन्य सामान चुरा लिया गया था। उस समय भी रामगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुजारी के अनुसार, यह दूसरी बार है जब चोरों ने मंदिर को निशाना बनाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


