सीधी-पटपरा मार्ग पर गुरुवार, 8 जनवरी 2026 को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। कारुभारत के समीप एक अंधे मोड़ पर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। इस घटना में कार में सवार यात्री बाल-बाल बच गए, हालांकि एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। यह घटना दोपहर करीब 1 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक MP53CA7385 में कुछ युवक सीधी से पटपरा की ओर जा रहे थे। कार जैसे ही कारुभारत के पास एक अंधे मोड़ पर पहुंची, तभी सामने से अचानक एक बाइक सवार आ गया। अंधा मोड़ होने के कारण दोनों वाहनों के बीच दूरी कम थी। बाइक सवार को टक्कर से बचाने के लिए कार चालक ने तत्काल स्टेयरिंग मोड़ दी। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे उतर गई। गनीमत रही कि कार की रफ्तार अधिक नहीं थी, जिससे वह पलटने से बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ट्रैक्टर की मदद से कार को वापस सड़क पर लाया गया। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति को हल्की चोटें आईं। उसे तत्काल 108 एम्बुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरी थी। फिलहाल किसी को गंभीर चोट नहीं आई है और मामले की जांच जारी है।


