भिंड जिले में लगातार बढ़ती सर्दी, शीतलहर और घने कोहरे के चलते जिला प्रशासन ने एक बार फिर स्कूलों के अवकाश को बढ़ा दिया है। कलेक्टर करोड़ी लाल मीणा ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नर्सरी से आठवीं कक्षा तक के सभी विद्यालयों में 10 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है। घने कोहरे के चलते भिंड में स्कूलों का अवकाश फिर बढ़ा यह आदेश जिले में जारी कड़ाके की ठंड और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जारी किए गए हैं। कलेक्टर करोड़ी लाल मीणा ने बताया कि वर्तमान में जिले का तापमान लगातार गिर रहा है और शीतलहर का प्रभाव बना हुआ है। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए भिण्ड जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई, माध्यमिक शिक्षा मंडल तथा अन्य सभी बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों की कक्षा नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 9 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। संस्थाओं में शिक्षकों की होगी उपस्थिति हालांकि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों के शिक्षक एवं अन्य स्टाफ नियमित समय पर अपनी-अपनी संस्थाओं में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान वे अन्य शासकीय कार्यों एवं प्रशासकीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे। साथ ही, पूर्व से निर्धारित महत्वपूर्ण गतिविधियां एवं परीक्षाएं यथावत संचालित की जाएंगी। जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। लगातार ठंड और कोहरे के कारण बच्चों को स्कूल भेजने में अभिभावक असमंजस की स्थिति में थे। प्रशासन के इस निर्णय को बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कदम माना जा रहा है। वहीं, मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में ठंड के असर के बने रहने की संभावना जताई है, जिससे सतर्कता बरतने की अपील की गई है।


