उमरिया जिले के घुनघुटी चौकी क्षेत्र में चौरी धान खरीदी केंद्र से धान चोरी कर भाग रहे दो आरोपियों को घुनघुटी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 बोरी धान और एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार जब्त की है। जानकारी के अनुसार, दो चोर एक स्विफ्ट कार में 20 बोरी धान भरकर खरीदी केंद्र से फरार हो रहे थे। इसी दौरान घुनघुटी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बिना नंबर की कार में चोरी का धान ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर कार की डिक्की, बीच वाली सीट और आगे की सीट पर कुल 20 बोरी धान मिली। इस धान की अनुमानित कीमत लगभग 18 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने मौके से धान और वाहन को जब्त कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम सत्या ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आलम खान और सुमित प्रजापति के रूप में हुई है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।


