सतना के सीएमए स्कूल में यूकेजी की एक छात्रा को होमवर्क न करने पर टीचर द्वारा पीटने का मामला तूल पकड़ रहा है। इस घटना के बाद गुरुवार को एनएसयूआई नेताओं ने स्कूल प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर इंग्लिश टीचर सपना खरे को तत्काल निष्कासित करने की मांग की है। छात्र नेताओं ने छात्रा की साल भर की पूरी फीस माफ करने, उसके इलाज का खर्च स्कूल प्रबंधन द्वारा वहन करने और स्कूल के सीसीटीवी कैमरे चालू करने की भी बात कही है। एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि पांच दिनों के भीतर इन मांगों पर अमल नहीं किया गया, तो वे स्कूल में तालाबंदी करेंगे। यह मामला सीएमए स्कूल की 6 वर्षीय यूकेजी छात्रा से जुड़ा है। आरोप है कि इंग्लिश टीचर सपना खरे ने छात्रा को होमवर्क न करने पर जोरदार थप्पड़ मारा। थप्पड़ लगने से छात्रा का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गई, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। इस घटना के बाद छात्रा के परिजनों ने सिविल लाइन थाने में टीचर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


